स्वीकारो माँ वन्दना - दोहा छंद - डॉ॰ राम कुमार झा 'निकुंज'

करें मातु नित वन्दना, माँ दुर्गा नवरूप।
ब्रह्मचारिणी शैलजा, जनता हो या भूप।।

ज्ञान कर्म गुण हीन हम, क्या जाने हम रीति।
मातु भवानी कर कृपा, पाप हरो दो प्रीति।।

पुनः तारकासुर बहुत, घूम रहे इस देश।
अनाचार व्यभिचार जग, फैल रहे परिवेश।।

महिषासुर बन दहशती, दिया देश को डंक।
दुराचार हत्या कपट, फैलाते आतंक।।

माँ महिषासुरमर्दिनी, दुर्विचार अवसान।
पुनः स्वस्ति माँ भारती, प्रगति ख़ुशी मुस्कान।।

पतित पाविनी कालिके, चन्द्रघण्ट जगदम्ब।
कुष्माण्डे वन्दन करें, शिवा सृष्टि अवलम्ब।।

क्या जानें क्या हम साधना, क्या पूजन उपचार।
रोग शोक फँस लोभ हम, करो शिवा उद्धार।।

पुनः षडानन आगमन, मातु जगत कल्याण।
तारक द्रोही फिर वतन, स्कन्धमातु कर त्राण।।

विष्णुप्रिया कात्यायनी, पुनः करो हूंकार।
मरें धुम्रलोचन सभी, कामी खल ग़द्दार।।

चण्ड मुण्ड पापी असुर, जाति धर्म अवतार।
घृणा द्वेष का बन ज़हर, फैल रहा संसार।।

कालरात्रि तू कालिका, करो शत्रु निर्मूल।
चामुण्डा जग ख्याति फिर, बनो मातु अनुकूल।।

महाकाल विकराल मुख, करो जीभ फैलाव।
पीओ शोणित बीज का, वतन मुक्त अरि घाव।।

चीन पाक दानव युगल, शुंभ निशुंभ समाज।
महागौरि! संहार कर, सिद्धिदातृ माँ आज।।

हो पापी रावण दहन, जले प्रगति नव दीप।
शान्ति नेह सुख शारदे, दे जन देश महीप।।

सत्य न्याय परहित प्रजा, राष्ट्र विजय हो गान।
माँ दुर्गे नव शक्ति दे, बढ़े भक्ति यश मान।।

हो प्रसीद माँ वैष्णवी, कर निकुंज अभिराम।
समरस सद्भावन सुरभि, जीवन जग सुखधाम।।

स्वीकारो माँ वन्दना, चरणकमल दूँ शीश।
विजया ख़ुशियाँ बन खिले, पा माँ स्नेहाशीष।।

करूँ वन्दना शारदे, श्वेताम्बुज परिधान।
धवले वाणी सर्वदे, मति विवेक विज्ञान।।

डॉ॰ राम कुमार झा 'निकुंज' - नई दिल्ली

Instagram पर जुड़ें



साहित्य रचना को YouTube पर Subscribe करें।
देखिए साहित्य से जुड़ी Videos