दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का उत्सव है। यह पर्व हमें भीतर और बाहर के अंधेरों को दूर कर प्रेम, आशा, सद्भाव और सकारात्मकता का दीप जलाने का संदेश देता है।
दीपों की रोशनी के साथ जब शब्द भी उजाला करते हैं, तो उत्सव का अर्थ और व्यापक हो जाता है। साहित्य मनुष्य के भीतर संवेदनाओं का दीप जलाता है और उसे जीवन, समाज तथा अपने समय को एक नई दृष्टि से देखने की प्रेरणा देता है।
इसी भाव के साथ साहित्य रचना ई-पत्रिका की ओर से दीपावली के अवसर पर प्रस्तुत हैं 10 रचनाकारों की चुनिंदा रचनाएँ—कविता, गीत, दोहे और मुक्तक।
(1) हे तिथि अमावस दीपरात्रि! - कविता - राघवेंद्र सिंह
हे तिथि अमावस दीपरात्रि!
हे माह कार्तिक कृष्ण रात्रि!
हो रहा आगमन दिव्य रूप,
हो रहा कान्तिमय नव स्वरूप।
कट रही दिशाओं की बाधा,
दीपों ने तेरा रथ साधा।
आ रही धरा पर शुभ वेला,
संग रंगोली में है बेला।
सज रही धरा साकेतपुरी,
आ जाओ बनकर स्वयं धुरी।
कर जोड़ करें तेरा वंदन,
धरती पर तेरा अभिनंदन।
तू स्वयं पुराणों में वर्णित,
तू स्वयं संस्कृति में परिणित।
तू स्वयं ज्योतिमय तिमिरहरण,
तू सदा सत्य का करे वरण।
तू स्वयं आगमन रघुनंदन,
तू स्वयं करे उनका वंदन।
तू स्वयं यहाँ है अवलि धार,
तू ही दीपों का पुष्पहार।
तू बन पुष्पों की अधिकारी,
हैं द्वार खड़े सब नर-नारी।
हैं खड़े लिए रोली-चंदन,
धरती पर तेरा अभिनंदन।
तू स्वयं सत्यता का परिचय,
तू स्वयं कांति का है संचय।
तू कृष्ण पक्ष का है तेरस,
तू धन्य-धान्य का धनतेरस।
तू स्वयं यहाँ लक्ष्मी पूजा,
तू स्वयं गणपति फल दूजा।
तू स्वयं यहाँ सुख-समृद्धि,
तू दीप ज्योति की अभिवृद्धि।
तू युगों-युगों की है वाणी,
है करे प्रतीक्षा हर प्राणी।
गति में न रख तू अब मंदन,
धरती पर तेरा अभिनंदन।
तू स्वयं कृष्ण का गोवर्धन,
तू बृजमण्डल गौरव वर्धन।
तू कला की देवी सरस्वती,
तू महालक्ष्मी महा यती।
असंख्य दीप की तू ज्योति,
तू ही तारकदल, तू मोती।
तू भाई दूज, तू अन्न कूट,
तू प्रेम भावना है अटूट।
तू आ धरती को बना स्वर्ग,
तू यहाँ रीति का महासर्ग।
है आदिकाल से ही वंदन,
धरती पर तेरा अभिनंदन।
तू स्वयं यहाँ नित नव आशा,
तू स्वयं विजय की परिभाषा।
तू दीपशिखाओं का शृंगार,
अगणित दीपों का मनुहार।
तू स्वयं वर्ण का सप्तसिंधु,
तू स्वयं प्रीति का केंद्रबिंदु।
तू स्वयं सत्यता का उत्सव,
तू यश वैभव का संचित रव।
आओ लेकर तुम स्वर्णहार,
हे दीप अवलि! है ये पुकार।
बन जा दीपों का स्पंदन,
धरती पर तेरा अभिनंदन।
***
(2) आज दीवाली है आँगन दीप से भर दो - गीत - श्याम सुन्दर अग्रवाल
आज साथी शुभ लगन है,
और यह मन भी मगन है,
बह रहा शीतल पवन है,
कह रहा श्यामल गगन है–
रात की काली चुनरिया झिलमिली कर दो,
आज दीवाली है आँगन दीप से भर दो।
ज्ञान के ढूँढ़े क्षितिज नव,
रूढ़ियों के कर दहन शव,
औ' जला विश्वास की लौ,
कर रही नई ऊम्र कलरव–
झाड़ दो जाले पुराने, घर नए कर दो,
आज दीवाली है आँगन दीप से भर दो।
लग रही हर शाम नई है,
पक रही अब धान नई है,
फूल की मुस्कान नई है,
औ' छिड़ी अब तान नई है–
गीत रच डालो नए, नए को नए स्वर दो,
आज दीवाली है आँगन दीप से भर दो।
धान से धरती सजाकर,
नवसुमन के वन खिलाकर,
और स्वेदाम्बुधि नहाकर,
गा रहा श्रम गुनगुनाकर–
हों अतिथि अपने उजाले, तम विदा कर दो,
आज दीवाली है आँगन दीप से भर दो।
***
(3) दीप जलें - गीत - सुशील शर्मा
दीप जलें उनके मन में,
जो व्यथित व्यतीत बेचारे हैं।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ लाचारी में जीते हैं।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ होंठों को सब सीतें हैं।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ भूखी सिसकी रातें हैं।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ दर्द भरी सौग़ातें हैं।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ मजबूरी के मारे हैं।
दीप जलें उस कोने में,
जहाँ अबला सिसकी लेती है।
दीप जलें उस कोने में,
जहाँ संघर्षो की खेती है।
दीप जलें उस कोने में,
जहाँ बालक भूख से रोता है।
दीप जलें उस कोने में,
जहाँ बचपन प्लेटें धोता है।
दीप जलाना उस मन में,
जहाँ मन ही मन से हारें हैं।
दीप जलें उस आँगन में,
जहाँ मन पर तम का डेरा है।
दीप जलें उस आँगन में,
जहाँ गहन अशांति अँधेरा है।
दीप जलें उस आँगन में,
जहाँ क्रोधी कपट कुचालें हों।
दीप जलें उस आँगन में,
जहाँ कूटनीति भूचालें हों।
दीप जलाना उस घर में,
जहाँ दर्द भरे भुन्सारे हैं।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ श्रम की खेती होती है।
दीप जलें उनके मन में,
बीज जहाँ मेहनत बोती है।
दीप जलें उनके मन में,
जहाँ भूख संग बेकारी है।
दीप जलें उनके मन में
जहाँ दर्द संग बीमारी है।
ज्योत जलाना आँगन में,
जहाँ कलह क्लेश के धारे हैं।
दीप जलें उस आँगन में,
जहाँ अहंकार सिर चढ़ बोले।
दीप जलें उस आँगन में,
जहाँ गहन अशिक्षा मन डोले।
दीप जले उस मिट्टी पर,
जहाँ बलिदानों की हवा चले।
दीप जले उस मिट्टी पर,
जहाँ पर शहीद की चिता जले।
तमस मिटाना उस मन से,
जहाँ गहन गूढ़ अँधियारे हैं।
***
(4) अयोध्या की दीवाली - कविता - आशीष कुमार
चौदह वर्षों बाद
हो रहा आगमन,
राम लक्ष्मण संग
जानकी का होगा अभिनंदन।
सज रही अनुपम
अयोध्या नगरी,
जैसे सजती कोई
अप्सरा सुंदरी।
भव्य साज-सज्जा
रंग रोगन से परिपूर्ण,
फीकी पड़ी इंद्रपुरी अमरावती
अयोध्या हुई अर्थ पूर्ण।
अंदर बाहर और
आंगन सहित द्वार पर
बना दी बालाओं ने
रंगोलियां शुभ अवसर पर।
कार्तिक मास है
रात्रि अमावस्या की,
घड़ी समाप्त हो रही
वर्षों की तपस्या की।
सुदूर आकाश मार्ग से
उतरा पुष्पक विमान,
धन्य धन्य हुई अयोध्या नगरी
पधारे हैं भगवान।
दर्शन की अभिलाषा में
बिछे हैं नयन,
हाथ में पुष्प थाल
मन में श्रद्धा सुमन।
घर-द्वार आँगन
कुटिया महल अट्टालिकाएँ,
झिलमिल झिलमिल जगमग जगमग
अयोध्यावासी घी के दीप जलाएँ।
दीप की लड़ियाँ चहुँओर
संदेश अंधकार से प्रकाश की ओर,
दीपावली पर्व मनाते तभी से
प्रतिवर्ष श्रद्धा भक्ति से हो भाव विभोर।
***
(5) दीप जले सद्भावना - दोहा छंद - डॉ॰ राम कुमार झा 'निकुंज'
दीप जले परहित मदद, बचपन ज्ञानालोक।
मिटे अंधेरा दीनता, भूख प्यास तम शोक॥
सागर मंथन से प्रकट, धन्वन्तरि भगवान।
दीप जले जय सुख विभव, ख़ुशियाँ मुख मुस्कान॥
सजे सोम शिव भाल पर, दूज चन्द्र मुस्कान।
खिली निशा लखि शशिकला, चन्द्रमौलि भगवान॥
कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी, माँ काली अवतार।
उत्सव नरक चतुर्दशी शुभ, करे पाप संहार॥
दीप जले सद्मति मनुज, संयम सम्बल शक्ति।
मंगलमय दीपावली, भारत में अनुरक्ति॥
आश नवल जगमग जले, नव निर्माण विकास।
दीपक उद्यम नित जले, भर दे वचन मिठास॥
दीप जले सम्वेदना, मिटे वेदना शोक।
खिले रोशनी सुयश पथ, चिन्तन शुभ आलोक॥
दीवा जले भक्ति वतन, दीप जले बलिदान।
तन धन अर्पित वतन, गूँजे भारत गान॥
दीप जले अपनत्व का, रिश्तों भरे मिठास।
दुर्लभ जीवन राष्ट्र हित, सच्चरित्र इन्सान॥
दीपक हो सौहार्द्र का, दीवा जले ईमान।
मिटे छ्द्म मिथ्या कपट, दीप स्वच्छ सम्मान॥
दीप जले समरस वतन, प्रगति दीप विज्ञान।
दीप तिरंगा का जले, हिन्दुस्तान महान॥
दीप बधाई की जले, खिले रोशनी प्रीत।
दीया जले सद्भावना, न्याय ज्योति सद्नीत॥
***
(6) दीपोत्सव - कविता - डॉ० रेखा मंडलोई 'गंगा'
अमावस की काली रात में सबने दीपमालाएँ सजाई, आई दीपावली आई।
राजा-राम के स्वागत की घड़ी आई, माता-लक्ष्मी सुख-समृद्धि भर लाई।
धारण कर नए-नए परिधान, स्वादिष्ट व्यंजन संग सबने ख़ुशियाँ मनाई।
सजा घर-द्वार रंगोली संग स्नेह-सम्मान की वर्षा ने निराशा दूर भगाई।
अज्ञानता रूपी अंधकार का तिमिर हरने दीप-ज्योति ने रोशनी फैलाई।
कर निजी स्वार्थ का त्याग परमार्थ-भावना के लिए हमने गुहार लगाई।
दीप भी वही हैं दीपमालाएँ भी वही हैं, यहाँ पर सब कुछ दिया दिखाई।
किन्तु इस दीपावली पर माँ का दुलार और बहन का प्यार नहीं ले पाई।
दीप से रोशन दिशाओं में खोजती निगाहें माँ और बहन को ढूँढ़ न पाई।
बिन माँ और बहन के दीपावली की ख़ुशियाँ मेरे मन को रास न आई।
अंतर्मन से आशीर्वाद मिले और किसी को अपनों की सहना पड़े न जुदाई।
एक साथ दो-दो आघात को सहकर भी दुनिया की सारी रीत मैंने निभाई।
दीपोत्सव के पावन-पर्व पर अपने स्वजनों को देने चली आई मैं बधाई।
सुख-समृद्धि और धन-वैभव का हो विस्तार ऐसी शुभकामनाएँ देने आई।
***
(7) ज्योति पर्व - मुक्तक - शिव शरण सिंह चौहान 'अंशुमाली'
निर्धन की झोपड़ियों में जा दीपक एक जला आना,
लाई गट्टा खील खिलौने जाकर उन्हें खिला आना।
जहाँ शहीदों की समाधि हो शीश झुकाकर दीप जलाना–
फिर घर खेत गली देवालय दीपों की अवली धर आना॥
ज्योति पर्व पर तुम्हें बधाई देता आज 'अंशुमाली',
विष्णुप्रिया लक्ष्मी आएँगी सुख समृद्धि ले दीवाली।
गणपति-श्री के चरण पूजना करना अर्चन नीराजन–
प्रगति पंथ पर लक्ष्य मिलेगा और बनोगे प्रतिभाशाली॥
***
(8) दीपोत्सव - कविता - महेन्द्र सिंह कटारिया
ऋद्धि सिद्धि सुख सम्पदा,
संग में मान प्रतिष्ठा प्यार।
लेकर आया जन-जन में,
दीपोत्सव का यह त्यौहार।
आम्र पल्लव गेंदा पुष्पों की,
द्वार चौखट बॉंध वंदनवार।
चाहत हर मुंडेर देहरी सज्जा,
हर्षित रमणी कर रही शृंगार।
देखों रंग-बिरंगी दीप कतारों से,
सब आलोकित है गली घर-द्वार।
जगमग-जगमग जलीं ज्योति से,
अमावस्या भी हुई अब उजियार।
बाँटें हम खिल बताशें सबको,
मिटाएँ उर से द्वेष-अहंकार।
दीप जलाकर नव आशाओं के,
बढ़ाएँ आस्था की मधुरिम झंकार।
***
(9) दीपक एक आज जलाएँ ऐसा - कविता - सीमा शर्मा 'तमन्ना'
दीपक जल-जल कह रहा प्रियतम, सदा रहे जग उजास।
रहे दूर तिमिर सदैव ही नव ऊर्जा का फैले नित्य प्रकाश॥
हर घर-आँगन में दीप जले सुंदर हो जन-जन परिवेश।
राम अवध में आ गए देखो जैसे लेकर आज यह संदेश॥
होती ही आई है अक्सर सत्य की जग में हरदम जीत।
दीप द्वार पर जल-जल कह रहा, मन में भर भर कर प्रीत॥
अंधकार को हराकर आख़िर! जीत गए हैं अब सब दीप।
बात पुरानी भूलकर देखो रिल मिल बैठे एक दूजे समीप॥
रात अंधियारी बढ़ी आ रही है यूँ लेकर दीया माटी हाथ।
आओ मनाएँ ऐसे दिवाली आज मिल कर सबके साथ॥
दीपक एक आज जलाएँ ऐसा इस तन को माटी का मान।
मन की कर दें फिर वर्तिका इसमें और ज्योति जलाएँ ज्ञान॥
दीपावली यह शुभ होवे सभी को, फैले यह ज्ञान प्रकाश।
शुद्ध हो जाए चित्त और भावना तभी संभव है देश विकास॥
***
(10) मिट्टी के दीप जलाना - गीत - अंशू छौंकर 'अवनि'
क़सम तुम्हे इस मिट्टी की,
मिट्टी के दीप जलाना।
तिमिर मिटेगा जब दीवाली,
में मिट्टी के दीप जलेंगे।
और तभी चहुँओर चमन में,
मुस्कुराहट के फूल खिलेंगे।
चौदह वर्ष काट वन जीवन,
राम अयोध्या आए।
अवध वासियों ने ख़ुशियों में,
लाखों दीप जलाए।
तुम भी रीति-रिवाजों से ही,
अब दीपावाली मनाना।
क़सम तुम्हे इस मिट्टी की,
मिट्टी के दीप जलाना।
घर द्वारे आँगन जा पहुँचें,
ज्यों दिनमान ढले।
नाम भारती के पुत्रों के,
पहला दीप जले।
उनको नमन देश हित जिसने,
सीखा मर मिट जाना।
वीर शहीदों के घर जाकर,
यह त्योहार मनाना।
क़सम तुम्हें इस मिट्टी की,
मिट्टी के दीप जलाना।
भारत की माटी है चंदन,
वो उर से ख़ुशबू देती है।
मिट्टी के दीपक की ज्योति,
तन-मन पावन कर देती है।
ग़रीब से दीप ख़रीद के,
उसको ख़ुशियाँ दे जाना।
अपना घर भी रौशन करने,
दुआ के दीप साथ ले आना।
क़सम तुम्हें इस मिट्टी की,
मिट्टी के दीप जलाना॥
***

