करवटें बदलते ये मौसम - कविता - डॉ. राम कुमार झा "निकुंज"

तुनकमिजाजी ये मौसम,
रूप बदलते सतत अपने
बहुरूपिये की तरह हर पल,
मनमौजी, बेपरवाह जग,
कभी सूर्यातप गर्माहट ,
बरसाते लू का कहर बन,
तरबतर स्वेद जल तन ,
सूखी वसुन्धरा  बंजर,
हाहाकार कृषक घर हिंसक बन,
आया सावन छायी घटा नभ,
चातकी देखती एकटक अम्बर,
चकोर संग आश मिलन ,
श्वाति नक्षत्र की एक बूँद चाहत,
खिला चमन फूल विविध ,
निनादित पशु खग चारण,
बजे बाजे पंकिल पीत दादूर,
अलिगूंजन से गूंजित कानन,
सज सोलह शृंगार नव यौवन,
प्रियतम मिलन अभिलाष मन,
भावगुम्फन साजन मन मधुरिम,
जलभरे सरोवर गागर नदियाँ , 
पुण्डरीक सरसिज सुन्दर शोभन,
मन भावन अविरल मधुश्रावण,
भक्तिभाव से सराबोर जन मन,
कवि, लेखक, संगीत जग,
कवि कामिनी प्रमुदित मन,
भादो में रंग बदला मौसम,
ढाया कहर बन जलप्लावन,
डूबी आधी धरती भारत , 
कोटि कोटि धन जन गेह जीवन,
परमेश्वर स्वयं फँसे संकट,
भयानक वर्षा चारों तरफ, 
पर आज नहीं शेषछत्र शिर पर,
उफ़नती यमुना गंगा सम नदियाँ।
काल के कपाल पर लिखती
मातम मौत का काला आलम,
एक तरफ़ कोराना की त्रासदी,
प्रलयंकर यमराज सम जग,
करती जा रही कालकवलित,
फिर बदला मौसम का मिज़ाज,
आश्विन कार्तिक का पूजन पल,
दुर्गापूजन, दीपावलि विजयी पर्व,
लहलहायी खेंतें, लगे शस्य फल, 
मन मुदित कृषक खुशहाली,
अगहन का महीना फिर करवट,
सूखे वन पादप द्रुम दल पत्ते,
आया पतझड़, सूखे बिम्बाधर,
फटे हाथ पैर बंजर धरती सम, 
खेतों में पीली पीली पकी फ़सलें,
किसान, मज़दूर सब तत्पर खुश,
पुनः शिशिराग्रस्त मौसम लिया कवरट,
जकड़ी धरती गहन कम्पित थिथुरन,
कँपकपाती हाड़ें तन वदन,
धनी, दीन या सड़कों पर लवारिस जन,
कहीं सुख, खुशी, कहीं त्रासद गम,
गिरगिट की तरह रंग बदलता मौसम,
बन सुहाना वसन्तागम अभिनंदन,
बहुरंगी अरुणिम इन्द्रधनुषी रंग,
मनभावन शीतल मंद प्रवहित पवन,
पिक गायन अभिनव पंचम स्वर,
आम्रतरु मदमाते मुकलित वन,
इठलाती नैन नशीली यौवन,
मधु माधवी रसमुदित प्रीत मिलन,
फागुनी रंग गुलाल मदमत्त मौसम,
शारदीय वाणी पूजन भजन,
आधान नव ध्येय पथ जीवन,
देता मौसम सुखद कुछ दिवस,
आनंद खुशी मुस्कान के,
अनेक आयामों में निरत मौसम,
सुख -दुःख, खुशी- गम मधुमिलन,
परिवर्तन शाश्वत नियम जीवन,
प्रेरक, सम्वाहक, कालचक्र,
अभिभावक सुधारक लालच मन, 
करवटें बदलते ये अविरत मौसम। 


डॉ. राम कुमार झा "निकुंज" - नई दिल्ली

Instagram पर जुड़ें



साहित्य रचना को YouTube पर Subscribe करें।
देखिए साहित्य से जुड़ी Videos