मशहूर बनारस - कविता - देवेश द्विवेदी 'देवेश'

मशहूर बनारस शिव-नगरी,
मशहूर बनारस का है पान।
मशहूर कचौड़ी गली यहाँ, 
मशहूर यहाँ के हैं पकवान।
मशहूर मलाई-पूड़ी है,
मशहूर यहाँ गंगा-स्नान।
मशहूर यहाँ विश्वनाथ गली,
मशहूर है लस्सी-पहलवान। 

मशहूर बाज़ार ठठेरी है,
मशहूर बहुत भौकाल-चाट।
मशहूर अस्सी और हरिश्चन्द्र,
मशहूर मणिकर्णिका घाट। 
मशहूर दाल की मंडी है,
मशहूर चौक, अर्बन का हाट।
मशहूर है दुर्गा कुण्ड यहाँ, 
मशहूर काशी-कोतवाल ठाट।

मशहूर बनारस की साड़ी,
मशहूर बी॰एच॰यू॰ का है ज्ञान।
मशहूर हैं विद्या के आलय,
मशहूर सम्पूर्णानंद पहचान।
मशहूर तुलसी मानस टेम्पल,
मशहूर संकट मोचन हनुमान।
मशहूर किला है रामनगर,
मशहूर चौंसठ योगिनी शान।

मशहूर यहाँ साक्षी गणेश,
मशहूर केदारेश्वर जी नाथ।
मशहूर वीशालाक्षी मंदिर,
मशहूर अन्नपूर्णां का हाथ। 
मशहूर कुण्ड लोलार्क यहाँ,
मशहूर लोलार्केश्वर हैं साथ।
मशहूर भारत माता मंदिर,
मशहूर निकट है सारनाथ।

देवेश द्विवेदी 'देवेश' - लखनऊ (उत्तर प्रदेश)

साहित्य रचना को YouTube पर Subscribe करें।
देखिये हर रोज साहित्य से जुड़ी Videos