शिव स्वरूप श्री नीलकंठ - गीत - उमेश यादव

शिव स्वरूप श्री नीलकंठ - गीत - उमेश यादव | Neelkanth Geet - Gulli Shiva Swaroop Shree Neelkanth - Umesh Yadav. विजयादशमी पर गीत नीलकंठ महादेव गीत
दिव्य मनोहर सुन्दर नभचर, शिव दर्शन मनभावन है। 
शिव स्वरूप श्री नीलकंठ का, शुभदर्शन अति पावन है॥ 

रावण वध से पूर्व राम ने, शिवशंकर आह्वान किया। 
नीलकंठ बन शिव शम्भू ने, दर्शन दे वरदान दिया॥ 
श्रीराम और शिवशंकर का, पुनः आज आवाहन है। 
शिव स्वरूप श्री नीलकंठ का, शुभदर्शन अति पावन है॥ 

विजयादशमी पर्व मना था, दशकंधर तब हारा था। 
अनीति अधर्म अहंकार को, श्रीराम ने  मारा था॥ 
रामराज्य के स्थापना का, दिवस आज सुहावन है। 
शिव स्वरूप श्री नीलकंठ का, शुभदर्शन अति पावन है॥ 

मंगलकारी शिव दर्शन से, पाप ताप मिट जाते है। 
विषपायी प्रभु नीलकंठ, जग का संताप मिटाते हैं॥ 
श्रीराम शिव के दर्शन से, मन बनता वृन्दावन है। 
शिव स्वरूप श्री नीलकंठ का, शुभदर्शन अति पावन है॥ 

उमेश यादव - शांतिकुंज, हरिद्वार (उत्तराखंड)

Join Whatsapp Channel



साहित्य रचना को YouTube पर Subscribe करें।
देखिए साहित्य से जुड़ी Videos