गणतंत्र दिवस हमारा - कविता - रमाकांत सोनी

देश भक्ति में झूमे सारे, मनाए उत्सव मिलकर,
गणतंत्र दिवस हमारा, मुस्काए हम खिलकर।

हाथों में तिरंगा लेकर, गीत वतन के गाए,
आओ आज मिलकर, महोत्सव हम मनाएँ।

सीमा पर अटल सेनानी, वंदे मातरम गा रहे,
राष्ट्रप्रेम की ज्योत जला, देशप्रेम जगा रहे।

क्रांति काल में वीरों ने, जब लड़ी ख़ूब लड़ाई थी,
भारतमाता के चरणों में, प्राणों की भेंट चढ़ाई थी।

आज़ादी का जश्न मनाए, आओ मिलकर सारे,
प्रेम की हम गंगा बहाए, दमके भाग्य सितारे।

सर्वधर्म समभाव जहाँ, जन मन में उजियारा,
सारे जहाँ से प्यारा लगता, भारत देश हमारा।

लाल किले पर लहराए, तिरंगा जब शान से,
भारत माँ के जयकारे, जब गूँजे आसमान से।

देशभक्ति का हौसला, सबके दिल में प्यारा है,
राष्ट्रप्रेम रसधार बहती, ये हिंदुस्तान हमारा है।

रमाकान्त सोनी - झुंझुनू (राजस्थान)

Instagram पर जुड़ें



साहित्य रचना को YouTube पर Subscribe करें।
देखिए साहित्य से जुड़ी Videos